पाकिस्तान में LPG सिलेंडर ₹4500 से बढ़कर ₹7000 हुआ : ईरान से सप्लाई बंद, लाहौर में ₹7500 और स्कर्दू में ₹8200 तक पहुंची कीमत; सीमा पर सैकड़ों ट्रक फंसे
इंटरनेशनल डेस्क.
पाकिस्तान में रसोई गैस की किल्लत ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। 12 किलो के LPG सिलेंडर की कीमत कुछ ही दिनों में 4500 पाकिस्तानी रुपए से बढ़कर 7000 रुपए तक पहुंच गई है। लाहौर में यही सिलेंडर 7500 रुपए और स्कर्दू में 8200 रुपए तक में बिक रहा है। सप्लाई में आई इस गिरावट के पीछे ईरान से गैस की आपूर्ति रुकना और दूसरे देशों से होने वाले आयात में बाधा को प्रमुख वजह बताया जा रहा है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान और ईरान के बीच दो प्रमुख सीमा चौकियां 17 अक्टूबर से बंद हैं। पाकिस्तान ने सुरक्षा चिंताओं और तस्करी रोकने को सीमा बंद करने की वजह बताया है, जबकि ईरान ने तकनीकी कारणों का हवाला दिया है। सीमा बंद होने से LPG टैंकरों सहित सैकड़ों ट्रक दोनों ओर फंसे हुए हैं।

ईरान से सप्लाई रुकी, आयात पर निर्भर पाकिस्तान की मुश्किल बढ़ी
पाकिस्तान अपनी LPG जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से पूरा करता है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, देश की कुल जरूरत का करीब 70% हिस्सा आयात से आता है। इसमें ईरान की अहम भूमिका है, जहां से पाकिस्तान अपनी जरूरत का लगभग 50% LPG आयात करता है।
पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक के मुताबिक, पाकिस्तान में हर दिन करीब 6500 से 7000 टन LPG की जरूरत होती है। घरेलू उत्पादन से रोजाना लगभग 2000 से 2500 टन गैस मिलती है, जबकि बाकी मांग आयात के जरिए पूरी की जाती है।
ईरान के अलावा इराक और ओमान से भी LPG आती है। लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी संघर्ष और उससे जुड़ी आपूर्ति संबंधी बाधाओं के कारण इन देशों से होने वाला आयात भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में ईरान से सप्लाई रुकने का असर बाजार में और ज्यादा दिखाई देने लगा है।

सरकारी रेट 3296 रुपए, बाजार में दोगुने से ज्यादा कीमत
पाकिस्तान के तेल एवं गैस नियामक प्राधिकरण (OGRA) ने 11.8 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 3296 पाकिस्तानी रुपए तय की है। इसके बावजूद कई इलाकों में उपभोक्ताओं को इससे काफी ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है।
पाकिस्तान LPG एसोसिएशन के अध्यक्ष इरफान खोखर के मुताबिक, अलग-अलग इलाकों में 12 किलो के सिलेंडर की कीमत इस प्रकार पहुंच गई है:
बलूचिस्तान: करीब 7000 पाकिस्तानी रुपए
लाहौर: करीब 7500 पाकिस्तानी रुपए
स्कर्दू: करीब 8200 पाकिस्तानी रुपए
सरकारी दर और बाजार में वसूली जा रही कीमतों के बीच बड़े अंतर ने गैस की उपलब्धता और कीमतों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सरकार का दावा- 2 से 3 दिन में कीमतें सुधरने की उम्मीद
पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा है कि सरकार खुद LPG आयात कर बाजार में गैस की उपलब्धता बढ़ाएगी। उन्होंने अगले दो से तीन दिनों में कीमतों में सुधार शुरू होने की उम्मीद जताई।
जियो न्यूज के एक कार्यक्रम में मलिक ने कहा कि LPG की कीमत 400 से 425 पाकिस्तानी रुपए प्रति किलो के बीच होनी चाहिए। उन्होंने तय दर से ज्यादा कीमत वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
मंत्री ने दावा किया कि बाजार मूल्य और स्थानीय LPG की कीमत के अंतर से करीब 30 अरब पाकिस्तानी रुपए का फर्क पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अदालत से स्टे ऑर्डर लेकर ऊंची कीमतों पर गैस बेच रहे हैं। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री ने अटॉर्नी जनरल से ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई कर स्टे ऑर्डर हटवाने के लिए कदम उठाने को कहा है।

सीमा पर फंसे LPG टैंकर, आलू-केले और चावल से लदे कंटेनर भी रुके
पाकिस्तान-ईरान सीमा बंद होने से केवल LPG की सप्लाई ही प्रभावित नहीं हुई, बल्कि दोनों देशों के बीच माल ढुलाई भी बाधित है। सैकड़ों ट्रक और टैंकर सीमा के दोनों ओर खड़े हैं।
शम्सुल हक के मुताबिक, 1000 से ज्यादा पाकिस्तानी कंटेनरों में आलू, केले और चावल लदे हैं, जिन्हें ईरान भेजा जाना था। सीमा बंद होने से इनकी आवाजाही भी अटकी हुई है।
ट्रक चालकों का कहना है कि वे कई दिनों से सीमा खुलने का इंतजार कर रहे हैं और उन्हें जरूरी बुनियादी सुविधाएं भी पर्याप्त रूप से नहीं मिल रही हैं। चालक अब्दुल गनी बलोच ने बताया कि वे एक सप्ताह से ज्यादा समय से वहां फंसे हुए हैं।
फिलहाल, पाकिस्तान सरकार ने आयात बढ़ाकर और ज्यादा कीमत वसूलने वालों पर कार्रवाई करके स्थिति सुधारने का भरोसा दिया है। हालांकि, सीमा कब खुलेगी और LPG की सप्लाई सामान्य होने में कितना समय लगेगा, यह स्पष्ट नहीं है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन