लखनऊ में IRS अधिकारी पर ऑफिस में हमला : क्रिकेट टीम में न खेलने से नाराज जॉइंट कमिश्नर पर मारपीट का आरोप; आरोपी पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज
News Affair Team
Fri, May 30, 2025
लखनऊ.
लखनऊ के इनकम टैक्स विभाग के दफ्तर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक जॉइंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा ने डिप्टी कमिश्नर गौरव गर्ग पर ऑफिस में ही जानलेवा हमला कर दिया। हमला हजरतगंज स्थित आयकर भवन की छठी मंजिल पर हुआ।
गौरव गर्ग ने FIR में बताया कि हमले की वजह एक क्रिकेट मैच में मिश्रा को न खिलाना था। इस घटना के बाद मिश्रा का ट्रांसफर लखनऊ से उत्तराखंड कर दिया गया था, जिससे वह नाराज चल रहे थे। गुरुवार को उन्होंने अचानक ऑफिस में घुसकर गालियां दीं, हमला किया और सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया।

FIR में क्या लिखा डिप्टी कमिश्नर ने?
गौरव गर्ग ने अपनी शिकायत में लिखा-
“मैं ऑफिस में पीसीसी सर के फेयरवेल प्रोग्राम की योजना बना रहा था, तभी योगेंद्र मिश्रा अचानक घुस आए। पहले गालियां दीं, फिर कहा, 'तुम्हीं ने मेरा ट्रांसफर करवाया है, अब इसे वापस लो नहीं तो अंजाम बुरा होगा।’ इतना कहकर उन्होंने मुझ पर कांच के गिलास और पेपर वेट से हमला कर दिया।”
“उन्होंने मेरी गर्दन पर वार किया, गला दबाया, फिर मेरे प्राइवेट पार्ट पर जूते से मारा। मैं बेहोश होने की हालत में पहुंच गया। नाक, होंठ और कान पर गंभीर चोटें आईं। दांत हिल गए और एक कान से सुनना बंद हो गया।”
एक क्रिकेट मैच से शुरू हुआ विवाद
FIR के अनुसार, फरवरी 2025 में बीबीडी ग्राउंड पर आयकर विभाग का क्रिकेट मैच आयोजित हुआ था।
· योगेंद्र मिश्रा चाहते थे कि उन्हें कप्तान बनाया जाए।
· जब उन्हें टीम में नहीं लिया गया तो उन्होंने पिच पर लेटकर मैच रुकवाने की कोशिश की।
· इस हरकत के बाद विभागीय चेतावनी मिली और कई खिलाड़ियों को उन्होंने धमकाया।
· वॉट्सऐप पर गालियां दीं और फर्जी मामलों में फंसाने की धमकी तक दी।
· कुल 12 शिकायतों के बाद उनका ट्रांसफर हुआ।
अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
घटना के बाद घायल डिप्टी कमिश्नर गौरव गर्ग को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत अब स्थिर है, लेकिन चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें हैं।
हत्या की कोशिश और सरकारी कार्य में बाधा की धाराएं
ACP हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि आरोपी योगेंद्र मिश्रा पर धारा 307 (हत्या की कोशिश), धारा 353 (सरकारी कार्य में बाधा) सहित अन्य गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा-अधिकारी को बंधक बनाकर पीटा
घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा- “भाजपा सरकार में अब पुलिस बनाम पुलिस के बाद अधिकारी बनाम अधिकारी की नौबत आ गई है। एक IRS अधिकारी को ऑफिस में बंधक बनाकर पीटा गया। क्या यह सिर्फ ट्रांसफर का मामला है या इसके पीछे कोई और साजिश है?”
इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा-“यह राजनीतिक मुद्दा नहीं है। कानून अपना काम करेगा। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”
आरोपी पहले भी दे चुका था धमकी
गौरव गर्ग के मुताबिक, हमले से पहले मिश्रा ने आयुक्त ऋचा रस्तोगी को भी वॉट्सऐप पर धमकाया था। उन्होंने जांच वापस लेने का दबाव डाला था और अधिकारियों को ब्लैकमेल करने की कोशिश की थी।
विभागीय जांच शुरू, अधिकारी और कर्मचारी दहशत में
आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अभी मामले में चुप्पी साधे हुए हैं, लेकिन सूत्रों की मानें तो हाई-लेवल जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है।
कर्मचारी इस घटना के बाद से डरे हुए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं।
IPS अफसर रवीना त्यागी के पति हैं गौरव गर्ग

डिप्टी कमिश्नर गौरव गर्ग की पहचान एक वरिष्ठ IRS अधिकारी के रूप में है। वह लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात IPS अधिकारी रवीना त्यागी के पति हैं। रवीना त्यागी वर्तमान में पुलिस उपायुक्त, अभिसूचना एवं सुरक्षा के पद पर कार्यरत हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन