जमीन विवाद में ट्रिपल मर्डर : गाजीपुर में बेटे ने मां-बाप और बहन की कुल्हाड़ी काट डाला; फिर पत्नी-बच्चों संग भाग निकला
News Affair Team
Mon, Jul 28, 2025
गाजीपुर (उत्तर प्रदेश).
गाजीपुर में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक बेटे ने जमीन विवाद में अपने ही माता-पिता और बहन की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। 37 वर्षीय आरोपी अभय यादव ने धारदार हथियार से तीनों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ फरार हो गया है। पुलिस ने गांव की सीमाएं सील कर दी हैं और हत्यारे की तलाश में तीन टीमें गठित की गई हैं। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के डिलिया गांव का है।

पिता से कहासुनी हुई, फिर कुल्हाड़ी से किया वार
डिलिया गांव के मुख्य मार्ग से जुड़े चकरोड के किनारे बसे शिवराम यादव के परिवार में रविवार सुबह सब कुछ सामान्य था। लेकिन कुछ ही देर में उस घर से चीखें उठीं जो पूरे गांव को हिला कर रख गईं।
सुबह करीब 9 बजे, जमीन को लेकर अभय यादव और उसके पिता शिवराम यादव में कहासुनी हुई। इस दौरान मां जमुनी देवी (65) पास ही झोपड़ी में गोबर से लिपाई कर रही थीं। तभी अभय घर से कुल्हाड़ी लेकर बाहर आया। विवाद बढ़ने पर शिवराम पीछे हटे, पर अभय ने सीधे अपनी मां पर पीछे से कुल्हाड़ी से गर्दन पर हमला कर दिया।
मां की मौके पर ही मौत हो गई। ये देखकर शिवराम भागने लगे, लेकिन अभय ने पीछा कर उन्हें भी कुल्हाड़ी से मार डाला। घटनास्थल पर पिता-पुत्र के शव 5 फीट की दूरी पर मिले।

इसी बीच बहन कुसुम (35) स्कूटी से मेडिकल स्टोर से घर लौटी थी। जैसे ही उसने अपने खून से लथपथ पिता को देखा, वह भागने लगी, लेकिन अभय ने उसे भी खेतों की ओर दौड़ाकर मार डाला। कुसुम के सिर पर हेलमेट था, फिर भी उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किया गया जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
मां जमुनी देवी का शव झोपड़ी के बाहर पड़ा मिला।
पिता शिवराम का शव चकरोड पर 5 फीट दूर मिला।
बहन कुसुम का शव धान के खेत में 10 फीट दूर मिला।
कुसुम के सिर पर हेलमेट था, लेकिन गर्दन पर पीछे से वार किया गया।
घर का पिछला हिस्सा कच्चा, आगे का हिस्सा पक्का बना हुआ था।
एक बेटे की नाराजगी बनी तीन मौतों की वजह
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिवराम यादव (70) पेशे से किसान थे। उनके पास कुल ढाई बीघा जमीन थी। उनकी बेटी कुसुम की शादी उन्होंने 15 साल पहले की थी, लेकिन कुछ वर्षों बाद उसका तलाक हो गया। दोबारा विवाह के बाद भी कुसुम मायके लौट आई और गांव के पास मेडिकल स्टोर चलाने लगी।
करीब एक महीने पहले शिवराम ने अपनी बेटी कुसुम के नाम 12 बिस्वा जमीन कर दी थी। इसी बात को लेकर अभय नाराज चल रहा था। उसे यह बिल्कुल मंजूर नहीं था कि बहन को संपत्ति में हिस्सा मिले। गांव के लोगों और रिश्तेदारों ने समझौते की कोशिश की, पंचायत भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी।
अभय की पत्नी और दो बच्चे हैं। घटना के बाद वह अपनी पत्नी को लेकर फरार हो गया है।
"चीख सुन दौड़े, तब तक सब खत्म हो चुका था"
पड़ोसी राजेश यादव ने बताया-
सुबह के समय शांति थी। अचानक जमुनी देवी की चीख सुनाई दी। हम लोग दौड़कर पहुंचे तो देखा कि अभय हाथ में कुल्हाड़ी लिए हुए भाग रहा था और उसके पीछे तीनों के शव खून से सने पड़े थे।
राजेश ने आगे कहा, “परिवार में जमीन को लेकर विवाद लंबे समय से चल रहा था। गांव में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। शिवराम ने बेटी के नाम कुछ जमीन की रजिस्ट्री कर दी थी, जिससे अभय बहुत गुस्से में रहता था।”
सील की गई सीमाएं, तीन टीमें लगाई गईं
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. ईरज राजा, एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद, और सीओ सिटी शेखर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
एसपी डॉ. ईरज राजा ने मीडिया से कहा-
यह ट्रिपल मर्डर है, जिसमें आरोपी बेटा है। हत्या के पीछे की वजह जमीन को लेकर विवाद है। आरोपी को पकड़ने के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। आरोपी जल्द गिरफ्त में होगा।
पुलिस ने गाजीपुर शहर और आस-पास के जिलों में नाकाबंदी कर दी है, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है।
पूरे गांव ने मिलकर किया अंतिम संस्कार
डिलिया गांव में घटना के बाद मातम छा गया है। तीन-तीन लाशों के अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोग जमा हुए। पुलिस की मौजूदगी में मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। गांव वालों ने मिलकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, अभय की लोकेशन ट्रैक की जा रही है। वह अपने मोबाइल को स्विच ऑफ कर चुका है, लेकिन कुछ संदिग्ध नंबरों से संपर्क में था, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस उसकी पत्नी और बच्चों के संभावित रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां भी दबिश दे रही है।
एसपी ने यह भी बताया कि आरोपी की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। साथ ही, उसके खिलाफ 302 (हत्या), 304 (जानबूझकर हत्या), और 506 (आपराधिक धमकी) की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन