प्रधानमंत्री का कानपुर से पाकिस्तान को संदेश : PM मोदी बोले- दुश्मन कहीं भी हो, हौंक दिया जाएग; 4700 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण
News Affair Team
Fri, May 30, 2025
कानपुर.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कानपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए आतंकवाद के खिलाफ देश के संकल्प और सेना के पराक्रम का जोरदार संदेश दिया। उन्होंने "ऑपरेशन सिंदूर" के जरिए पाकिस्तान में आतंक के ठिकानों पर की गई कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा, "दुश्मन कहीं भी हो, हौंक दिया जाएगा।"
करीब 45 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान को सीधे तौर पर चेताया और कहा कि भारत अब एटम बम की गीदड़भभकी से डरने वाला नहीं है। उन्होंने कहा, "हमारी सेनाओं ने ऐसा पराक्रम दिखाया कि पाकिस्तानी सेना को गिड़गिड़ा कर युद्ध रोकने की मांग करनी पड़ी।"
3 तस्वीरों में देखिए कार्यक्रम...



ऑपरेशन सिंदूर: शौर्य और स्वदेशी ताकत का प्रतीक
प्रधानमंत्री ने कहा कि "ऑपरेशन सिंदूर" न सिर्फ आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी कार्यवाही थी, बल्कि भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं का भी प्रदर्शन था। उन्होंने बताया कि भारतीय हथियारों और ब्रह्मोस मिसाइलों ने दुश्मन के घर में घुसकर तबाही मचाई।
"जहां टारगेट तय किया, वहां धमाके किए गए। ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने भारत के 'मेक इन इंडिया' डिफेंस सिस्टम की ताकत देखी," मोदी ने कहा।
शहीद शुभम द्विवेदी के परिवार से मिले पीएम
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कानपुर एयरपोर्ट पर आतंकी हमले में शहीद हुए शुभम द्विवेदी के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शुभम की पत्नी ऐशन्या, माता सीमा और पिता संजय द्विवेदी को ढांढस बंधाया। शुभम की मौत जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में हुई थी। ऐशन्या के सामने ही आतंकियों ने उन्हें गोली मारी थी।
"बेटियों के सिंदूर का आक्रोश दुनिया ने देखा," कहकर प्रधानमंत्री ने इस बलिदान को राष्ट्र की शक्ति बताया।
आतंक के खिलाफ तीन सूत्रीय नीति
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की आतंकवाद विरोधी नीति के तीन स्पष्ट सूत्र जनता के सामने रखे:
हर आतंकी हमले का करारा जवाब दिया जाएगा — समय, तरीका और शर्तें भारत की सेना तय करेगी।
भारत एटम बम की धमकी से डरने वाला नहीं — अब फैसले भारत की संप्रभुता के आधार पर होंगे।
आतंक के आका और उसकी सरपरस्त सरकार को एक नजर से देखा जाएगा — कोई रियायत नहीं दी जाएगी।
आत्मनिर्भर भारत और डिफेंस सेक्टर में यूपी की भूमिका
प्रधानमंत्री ने बताया कि अब ब्रह्मोस मिसाइल का नया पता उत्तर प्रदेश है। अमेठी में AK-203 राइफल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की मिसाल बनता जा रहा है।
"जो यूपी कभी टूटी सड़कों और गड्ढों से पहचाना जाता था, आज एक्सप्रेसवे और मेट्रो से जाना जाता है," मोदी ने कहा।




इन्फ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास की घोषणाएं
प्रधानमंत्री ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल और गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने, कानपुर-फर्रुखाबाद रेलवे लाइन को एलिवेटेड करने और एमएसएमई के विस्तार की योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस बजट में 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स फ्री किया गया है।
कानपुर मेट्रो की ऑरेंज लाइन के विस्तार का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा, "आज जो सुविधाएं दिल्ली और मुंबई जैसी मेट्रो सिटी में हैं, वो अब कानपुर में भी दिख रही हैं।" वहीं प्रधानमंत्री ने 4700 करोड़ की विकास परियोजनाओं लोकार्पण और शिलान्यास किया।
सीएम योगी ने पीएम के नेतृत्व को सराहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की नई डिफेंस नीति और पीएम मोदी के 10 वर्षों के नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा, "अब भारत दुश्मनों को उसी भाषा में जवाब देता है, जो वे समझते हैं।"




विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन